



जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2 और 3 दिसंबर को होगा आयोजित

जांजगीर चांपा। 30 नवंबर 2022 / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुसार तथा कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जिले में विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन के बाद जिला मुख्यालय जांजगीर में 2 और 3 दिसंबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इन खेल विधाओं में 15 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला खेल अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य के प्रत्येक जिले से युवाओं कों सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से वृहद स्तर पर छत्तीसगढ़ युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है तथा विगत वर्षों में भी यह आयोजन कराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के समस्त विकासखंड में विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन पश्चात जिला स्तरीय आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय आयोजन अंतर्गत प्रथम दिवस 2 दिसंबर को हाई स्कूल मैदान जांजगीर में खो-खो महिला एवं पुरुष वर्ग, गेड़ी दौड़, फुगड़ी और भौंरा, टीसीएल कॉलेज जांजगीर में कुश्ती महिला एवं पुरुष वर्ग, सांस्कृतिक नगर पालिका भवन कचहरी चौक जांजगीर में एकांकी नाटक, डाईट जांजगीर में तात्कालिक भाषण, क्विज, निबंध, वाद-विवाद, चित्रकला, पेंटिंग, शास्त्रीय गायन (हिंदू), शास्त्रीय गायन (कर्नाटक), सितार वादन, बांसुरी वादन, वीणा वादन, तबला वादन, गिटार वादन, मृदंग वादन, हारमोनियम वादन और मुख्य मंच में पंथी नृत्य, करमा नाचा, बस्तरिहा लोक नृत्य एवं सरहुल नृत्य, राउत नांचा, रॉग बैंड, पारंपरिक वेशभूषा खेल विधाओं का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार द्वितीय दिवस 3 दिसंबर को सांस्कृतिक नगर पालिका भवन कचहरी चौक जांजगीर में एकल शास्त्रीय नृत्य, मणिपुर ओडीसी भरतनाट्यम, कत्थक, कुचिपुड़ी, सुआ नित्य, बास्केटबॉल मैदान में कबड्डी महिला एवं पुरुष और मुख्य मंच में फूड फेस्टिवल, सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों या दल को संभाग स्तर पर भाग लेने की पात्रता होगी।