
चैतन्य विज्ञान एवं कला (स्वशासी) महाविद्यालय में विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस पर गोष्ठी का हुआ आयोजन
छात्रों को दी गई डिजिटल जागरूकता की सीख

पामगढ़ 4 दिसंबर 2025,
चैतन्य विज्ञान एवं कला (स्वशासी)
महाविद्यालय, पामगढ़ में मंगलवार को कंप्यूटर विज्ञान विभाग के तत्वावधान में विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल साक्षरता, तकनीकी कौशल, साइबर सुरक्षा तथा जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी. के. गुप्ता ने कहा कि आज के युग में डिजिटल कौशल शिक्षा, रोजगार, प्रशासन और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नैतिक उपयोग की शपथ भी दिलाई। महाविद्यालय के संचालक श्री वीरेंद्र तिवारी ने कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अनिवार्य है। इससे न केवल रोजगार के अवसर विस्तृत होते हैं, बल्कि ई-गवर्नेंस व साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।वरिष्ठ प्राध्यापक श्रीमती शुभदा जोगलेकर ने विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस के इतिहास, उद्देश्य एवं डिजिटलीकरण की बढ़ती आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रभावी अभिव्यक्ति दी। कंप्यूटर विज्ञान विभागाध्यक्ष श्री धनेश्वर सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को तकनीक आधारित भविष्य के अवसरों से अवगत कराते हुए एमएस ऑफिस, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, ई-गवर्नेंस, बेसिक प्रोग्रामिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल मार्केटिंग, साइबर सिक्योरिटी एवं कंप्यूटर नेटवर्किंग जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कंप्यूटर विज्ञान विभाग के सदस्य सालिक यादव, श्री सरोज्मणि बंजारे, श्री प्रग्येश साव ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक इन्द्र कुमार पटेल द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन सहायक प्राध्यापक सुश्री शीतल कश्यप द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे ।







