
छत्तीसगढ़ सरकार का बजट जनहित की अपेक्षाओं पर खरा नहीं — पार्षद आकाश यादव
पामगढ़, जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर पामगढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 14 (रामनगर) के पार्षद आकाश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की आम जनता, युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं मध्यमवर्ग की उम्मीदों पर खरा उतरने में असफल रहा है।
पार्षद आकाश यादव ने अपने बयान में कहा कि बजट में महंगाई, बेरोजगारी, ग्रामीण विकास तथा स्थानीय निकायों की मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया है। नगर पंचायतों एवं वार्डों के विकास हेतु कोई ठोस और प्रभावी प्रावधान नजर नहीं आते।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन को लेकर बजट में कोई स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत नहीं की गई है, वहीं किसानों एवं छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए भी कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। सड़क, पेयजल, बिजली एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी अपेक्षित बजट आवंटन नहीं दिखता।
पार्षद आकाश यादव ने कहा कि यह बजट जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान के बजाय केवल आंकड़ों और घोषणाओं तक सीमित है। प्रदेश की जनता को ऐसे बजट की आवश्यकता है, जिसमें योजनाएं कागजों से निकलकर जमीन पर दिखाई दें।
उन्होंने सरकार से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए बजट पर पुनर्विचार किया जाए तथा वास्तविक और समावेशी विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी जारी रही, तो लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन किया जाएगा।







