3 मई को होगी NEET (UG) 2026 परीक्षा, समय-सारणी व निर्देश जारी

3 मई को होगी NEET (UG) 2026 परीक्षा, समय-सारणी व निर्देश जारी

 

 

जांजगीर-चांपा 28 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 का आयोजन 3 मई 2026, रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा के सुचारु संचालन एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए परीक्षार्थियों हेतु विस्तृत समय-सारणी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी सूचना के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रातः 11:00 बजे से रिपोर्ट करना होगा, जबकि केंद्र में अंतिम प्रवेश का समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षार्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही परीक्षा केंद्र पर दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, एक पोस्टकार्ड साइज फोटो (4×6 इंच) तथा एक वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी) मूल रूप में लाना अनिवार्य रहेगा।

इसके अलावा परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेनड्राइव, हैंडबैग, पर्स, खाने-पीने की सामग्री, बेल्ट, आभूषण सहित किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक या धातु की वस्तु ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। तलाशी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर अभ्यर्थन निरस्त किया जा सकता है।

परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे ताकि सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण हो सके। देरी की स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!