शिवरीनारायण मेला : सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूर्णतः सतर्क

शिवरीनारायण मेला : सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूर्णतः सतर्क

 

शिवरीनारायण 3 फरवरी 2026,

पुलिस टीम लगातार मेले में पेट्रोलिंग एवं रात्रि में गश्त कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है

अपराधों को रोकने के लिए पुलिस ने ऐसे हजारों स्टील के कड़े युवकों से उतरवाकर जमा कराए, जिनका उपयोग संभावित रूप से हमलों में किया जा सकता था

बुलेट वाहन में प्रेशर हॉर्न लगाने वालों की खिलाफ सख्त कार्रवाई, मौके पर, मोडिफाई साइलेंसर निकाला गया

शराबी वाहन चालकों को ब्रिथएनेलायजर मशीन के मध्यम चेक किया जा रहा है, शराबी वाहन चालक मिलने में वाहनों को जप्त कर माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा

जिला जाँजगीर-चाँपा के शिवरीनारायण में आयोजित ऐतिहासिक मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा अपील की गई है कि वे अत्यधिक कीमती आभूषण पहनकर न आएं तथा आवश्यक होने पर गहनों को सुरक्षित रूप से कपड़ों में आलपिन लगाकर रखें, जिससे चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

मेले में आने वाले सभी नागरिकों से अपने पर्स, मोबाइल, बैग एवं अन्य कीमती वस्तुओं के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी साझा न करने की अपील की गई है।

छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे बच्चों की जेब में माता-पिता का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर लिखकर रखें, ताकि गुम होने की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों को गोद में या कंधे पर रखने की सलाह दी गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु मेला एवं शहर क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर ठेले अथवा दुकानों का सामान रखने पर कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क पर सामान न फैलाएं, जिससे आवागमन बाधित न हो।

पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइकर्स एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य तकनीकी संसाधनों से लगातार निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वाहन जब्ती एवं सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, अनुशासन एवं नियमों का पालन करते हुए मेला एवं मंदिर दर्शन संपन्न करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

जिला पुलिस प्रशासन शिवरीनारायण मेला को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!