जिला समाचार

गुरुदेव सत्य कबड्डी दास के 67वें अवतरण दिवस पर सेवा कार्यों की श्रृंखला

गुरुदेव सत्य कबड्डी दास के 67वें अवतरण दिवस पर सेवा कार्यों की श्रृंखला

फल वितरण, रक्तदान, पौधारोपण व नशामुक्ति जागरूकता के साथ सामाजिक चेतना का दिया संदेश

 

अकलतरा। परम पूज्य गुरुदेव सत्य कबड्डी दास जी के 67वें अवतरण दिवस के अवसर पर सत्य निज नाम बोध संस्थान द्वारा सेवा, जनकल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संस्थान ने अवतरण दिवस को मानव सेवा और समाजहित के कार्यों के माध्यम से सार्थक रूप प्रदान किया।

इस अवसर पर विभिन्न जिलों के जिला चिकित्सालयों के साथ अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मरीजों को फल वितरित किए गए। वहीं ग्राम पोड़ी के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को खीर-पूड़ी का वितरण किया गया। नवागढ़ चौक सहित राछा भाठा-पोड़ी मोड़ चौक पर लंगर लगाकर राहगीरों एवं आम नागरिकों को खीर-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। नवागढ़ राछा भाठा क्षेत्र के छात्रावासों में भी फल वितरण किया गया।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 250 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए 30 भक्तों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। आश्रम परिसर में विभिन्न खेलकूद एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। महिलाओं ने कबड्डी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं बालिकाओं द्वारा कराते का प्रदर्शन कर आत्मरक्षा के गुर बताए गए। रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। समाज कल्याण, जनजागरूकता एवं सामाजिक चेतना से जुड़े विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।

संस्थान से जुड़े सदस्यों ने बताया कि परम पूज्य गुरुदेव सत्य कबड्डी दास जी के अवतरण दिवस का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि सेवा, सद्भावना और समाजहित के कार्यों के माध्यम से मानव कल्याण की भावना को आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में संस्थान से जुड़े सदस्यों के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!