धर्म और आस्था

नैला में 12 सितंबर से गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा

नैला में 12 सितंबर से गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा

भोपालपुरिया परिवार कराएगा सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ, अयोध्या के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी राघवाचार्य सुनाएंगे पावन प्रसंग

 

​जांजगीर-नैला। पितृ मोक्ष एवं गया श्राद्ध के पावन निमित्त स्व. सेठमल एवं  सरिया देवी जी के वंशज भोपालपुरिया परिवार द्वारा नैला में 12 से 18 सितंबर तक सात दिवसीय ‘श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रीरामलला सदन देवस्थानम् ट्रस्ट (श्री धाम अयोध्या) के पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य डॉ. स्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक श्री अग्रसेन भवन के सामने संपन्न होगी।

​आयोजन के तहत 11 सितंबर को महिला सत्संग भवन में पूज्य स्वामी जी का प्रथम आगमन पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 12 सितंबर को प्रातः 9:30 बजे श्री राम मंदिर से कथा स्थल तक भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। सात दिवसीय कथा के दौरान कपिल देवहूति संवाद, ध्रुव चरित्र, नृसिंह अवतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, छप्पन भोग और रुक्मिणी विवाह जैसे पावन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन होगा।

​कथा के समापन उपरांत 19 सितंबर को पूर्णाहुति हवन, महाआरती और संत आशीर्वाद वचन का कार्यक्रम होगा। इसके पश्चात 15 अक्टूबर को दोपहर 12:15 बजे से  अग्रसेन भवन नैला में विशाल महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भोपालपुरिया परिवार ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। उक्त जानकारी परिवार के सदस्य संतोष भोपालपुरिया ने दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!