पचपेड़ी में खूनी बवाल: मामूली टक्कर के बाद युवकों पर बेल्ट, लाठी और लोहे के हथियार से जानलेवा हमला, दो की हालत गंभीर

पचपेड़ी में खूनी बवाल: मामूली टक्कर के बाद युवकों पर बेल्ट, लाठी और लोहे के हथियार से जानलेवा हमला, दो की हालत गंभीर
बिलासपुर/पचपेड़ी। पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास एक मामूली सड़क दुर्घटना देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। समाज की महिलाओं को दशगात्र कार्यक्रम की सूचना देने निकले युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ असामाजिक तत्वों ने बेल्ट, लाठी-डंडे और लोहे के धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच सड़क पर हुई इस सनसनीखेज वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नाजुक हालत में बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर लाउडस्पीकर लेकर गांव में दशगात्र कार्यक्रम की सूचना दे रहा था। इसी दौरान पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे युवक बादल जांगड़े ने लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद जब पीड़ितों ने आरोपी को धीरे वाहन चलाने की समझाइश दी, तो वह आगबबूला हो गया। आरोप है कि बादल जांगड़े ने गाली-गलौज करते हुए कमर से बेल्ट निकालकर युवकों पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उसके साथी विवेकी जांगड़े, विकास मार्शल, सरोज जांगड़े समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे व लोहे की नुकीली वस्तुओं से हमला बोल दिया।
आरोपियों ने पीड़ितों को चारों ओर से घेरकर बेरहमी से पीटा। हमले में एक युवक के सिर के पीछे गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय को भी नहीं छोड़ा गया। उसके सिर, कान, होंठ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को बचाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद त्रिलोचन मार्शल, जयमाल भारद्वाज सहित अन्य ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस सनसनीखेज मारपीट की घटना के बाद पचपेड़ी पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
स्थानीय लोगों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि खुलेआम इस तरह की हिंसक घटनाएं क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।





