जिला समाचार

शहर की तर्ज पर गाँव का विकास ही मेरी प्राथमिकता — ईश्वर साहू

शहर की तर्ज पर गाँव का विकास ही मेरी प्राथमिकता — ईश्वर साहू

ग्राम लटिया में स्ट्रीट लाइट की सौगात, रात्रिकालीन आवागमन होगा सुरक्षित; ग्रामीणों में खुशी

 

अकलतरा। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और गांवों को शहरों की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अकलतरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत लटिया में जनपद स्तर के गौण खनिज मद से जनपद सभापति ईश्वर साहू की अनुशंसा पर स्ट्रीट लाइट स्थापित की गई है। स्ट्रीट लाइट के शुरू होने से गांव की प्रमुख सड़कें एवं आवागमन वाले क्षेत्रों में रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
स्ट्रीट लाइट का विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात जैसे ही स्ट्रीट लाइट को चालू किया गया, गांव की प्रमुख सड़कें और आसपास का क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। लंबे समय से रात्रि में अंधेरे के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलने पर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अकलतरा के सभापति ईश्वर साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, बिजली, पानी, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

ईश्वर साहू ने कहा, “शहर की तर्ज पर गाँव का विकास करना ही मेरी प्राथमिकता है। विकास का लाभ केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचे, इसी उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामवासियों की जरूरत और मांग के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि लटिया में स्ट्रीट लाइट लगने से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और रात्रि में आवागमन करने वाले ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अंधेरे के कारण होने वाली परेशानी कम होने के साथ ही गांव में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी से छोटी आवश्यक सुविधा भी लोगों के जीवन को आसान बनाती है और विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका सीधा लाभ आमजन को मिले।

सरपंच ने जताया आभार
ग्राम पंचायत लटिया के सरपंच रशिक बिहारी सिंह ने स्ट्रीट लाइट की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जनपद सभापति ईश्वर साहू के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांव की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और गांव विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रहा है।

ग्रामीणों में खुशी का माहौल

स्ट्रीट लाइट शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रात्रि के समय अंधेरे के कारण आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। अब प्रमुख मार्गों पर रोशनी होने से आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए जनपद सभापति ईश्वर साहू सहित पंचायत के जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर उपसरपंच, पंचगण, ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम लटिया में स्ट्रीट लाइट की सुविधा को ग्रामीणों ने गांव के विकास और बेहतर जनसुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!