अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
कोटमी सोनार में कच्ची शराब बनाने वालों पर कार्रवाई, पुलिस की दबिश से कुछ संदिग्ध गांव से फरार

अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
कोटमी सोनार में कच्ची शराब बनाने वालों पर कार्रवाई, पुलिस की दबिश से कुछ संदिग्ध गांव से फरार

अकलतरा। पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और महुआ से कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बीते सप्ताहभर से पुलिस की लगातार दबिश और पेट्रोलिंग के चलते अवैध शराब के धंधे में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद अवैध शराब के धंधे में संलिप्त कुछ व्यक्ति पुलिस की दबिश से गांव से ही भाग खड़े हुए हैं।
ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कोटमी सोनार के उद्यान मोहल्ले में दबिश दी। यह क्षेत्र देशी शराब दुकान से लगा हुआ है। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही कच्ची शराब बनाने में संलिप्त लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके पर कच्ची शराब बनाने में उपयोग की जा रही सामग्री को नष्ट कर दिया। बताया गया कि 22 एवं 23 अगस्त को पुलिस स्टाफ द्वारा मौके पर कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उद्यान मोहल्ले में बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना लगातार पुलिस को मिल रही थी। आरोप है कि वन विभाग द्वारा लगाए गए हरे-भरे पेड़ों की आड़ में कच्ची शराब बनाने का काम किया जा रहा था। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोग भाग निकले।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार में सब इंस्पेक्टर विनोद जाटवर की पदस्थापना के बाद से अवैध शराब बिक्री, शराब कोचियों और जुआ के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा दल-बल के साथ दबिश देने और नियमित गश्त किए जाने से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कोशिश तेज हुई है।
संरक्षण को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
इधर, ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उद्यान मोहल्ले में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बनाने के खिलाफ जब पुलिस दबिश देती है, तब कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा संबंधित लोगों को संरक्षण देने और पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गौरतलब है कि जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाकर अवैध शराब बनाने वाले परिवारों को मुख्यधारा से जुड़ने, शिक्षा प्राप्त करने और नशे से दूरी बनाने के लिए जागरूक किया गया है। इसके बावजूद क्षेत्र में कच्ची शराब बनाए जाने की गतिविधियां सामने आना चिंता का विषय है।
ग्राम कोटमी सोनार में पुलिस सहायता केंद्र खुलने के बाद ग्रामीणों के बीच पुलिस की पहुंच बढ़ी है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस की पेट्रोलिंग गश्त पार्टी लगातार गांवों में पहुंच रही है। ग्रामीणों ने अवैध शराब और जुआ के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की मांग की है।






