पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार ने राखी उत्सव में दिया सुरक्षा और साइबर जागरूकता का संदेश

पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार ने राखी उत्सव में दिया सुरक्षा और साइबर जागरूकता का संदेश

अकलतरा। ग्राम कोटमी सोनार में रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को सामाजिक सुरक्षा और साइबर जागरूकता से जोड़ते हुए हाईस्कूल कोटमी सोनार में पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार के तत्वावधान में साइबर राखी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने “एक राखी सुरक्षा की, एक प्रण साइबर जागरूकता का” संदेश के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में एआई के माध्यम से फोटो के दुरुपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन बैंकिंग तथा सोशल मीडिया के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।
मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करें : विनोद जाटवर
पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार के प्रभारी विनोद जाटवर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूरे जिले में एक घंटे का साइबर राखी उत्सव आयोजित किया गया है। उन्होंने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए ऐप या फाइल को डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन जितना फायदे का साधन है, उतना ही सावधानी नहीं बरतने पर नुकसान का कारण भी बन सकता है। इसलिए मोबाइल का उपयोग सकारात्मक एवं आवश्यक कार्यों के लिए करना चाहिए। साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है, जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें और स्वयं भी जागरूक रहें।
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती रेखा सोनी, उपसरपंच बालू राम मनहर, पंच, भाजपा महामंत्री सुबोध थवाईत, ललित सोनी, ईश्वर बारमते, आदित्य सोनी, पुनेश्वर साहू, लिनेश पटेल, दीपक केवट, संतोष धुरी, धर्मेंद्र लहरे, शेखर पटेल, गंगा प्रसाद, रहमान खान, पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार के प्रभारी विनोद जाटवर, प्रभारी प्राचार्य संजय दिलतुडकर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से रक्षाबंधन पर्व को सुरक्षा और जागरूकता से जोड़ते हुए साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने स्वयं साइबर ठगी से बचने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।





