पीएमएफएमई योजना में राष्ट्रीय सम्मान पर कलेक्टर ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

पीएमएफएमई योजना में राष्ट्रीय सम्मान पर कलेक्टर ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
कलेक्टर ने लगातार उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने किया प्रेरित
जांजगीर-चांपा, 31 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को उत्कृष्ट हैण्ड होल्डिंग सपोर्ट प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित जांजगीर-चांपा जिले के डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन संतोष कुमार शुक्ला को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर महोबे ने पीएमएफएमई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा हितग्राहियों को लगातार मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए डीआरपी शुक्ला द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि पीएमएफएमई योजना के साथ-साथ अन्य स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं में भी सक्रियता से कार्य कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने अंत्यावसायी, खादी एवं ग्रामोद्योग, मुद्रा लोन सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, बैंकिंग एवं ऋण प्रक्रिया सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में मार्गदर्शन प्रदान कर अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए।
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन श्री संतोष कुमार शुक्ला को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में 24 एवं 25 अगस्त 2026 को आयोजित पीएमएफएमई कॉन्क्लेव 2026 में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान द्वारा प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था। उन्हें छत्तीसगढ़ में पीएमएफएमई योजना के तहत सर्वाधिक हितग्राहियों को हैण्ड होल्डिंग सपोर्ट प्रदान करने एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है।






