जिला समाचार

ज्ञान, प्रतिभा और आत्मविश्वास का अनूठा संगम बना ‘कौन बनेगा चैंपियन पामगढ़-2026’, ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

ज्ञान, प्रतिभा और आत्मविश्वास का अनूठा संगम बना ‘कौन बनेगा चैंपियन पामगढ़-2026’, ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

 

 

पामगढ़। विद्यार्थियों एवं युवाओं की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान और आत्मविश्वास को नई पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित ‘कौन बनेगा चैंपियन प्रतियोगिता–पामगढ़ 2026’ का भव्य ग्रैंड फिनाले 26 नवंबर को श्यामा पैलेस, पामगढ़ में उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। ज्ञान, प्रतिभा और मनोरंजन से भरपूर इस आयोजन में प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, पालकों एवं बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गौरी जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य संतोषी मनोज रात्रे, जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य, मानेेश जांगड़े, नरेंद्र पांडे, दिनेश थवाईत एवं मंजू टंडन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस प्रकार के रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे मंच बच्चों और युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

10 प्रतिभागियों को मिला हॉट सीट पर पहुंचने का अवसर

इस प्रतियोगिता में कुल 80 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के बाद कुल 10 प्रतिभागियों को हॉट सीट पर बैठकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। हॉट सीट पर पहुंचे प्रतिभागियों से सामान्य ज्ञान एवं विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनका जवाब देते हुए उन्होंने अपनी जानकारी, एकाग्रता, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। मंच पर प्रतिभागियों के प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों में भी उत्सुकता और रोमांच बनाए रखा।

चंचल, ओम्या ज्योति और साहिल ने जीती प्रोत्साहन राशि

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चंचल साहू (बी.एड. प्रथम वर्ष), ओम्या ज्योति (कक्षा 9वीं) एवं साहिल साहू (कक्षा 8वीं) ने प्रोत्साहन राशि जीतने में सफलता हासिल की। इन प्रतिभागियों की उपलब्धि ने यह साबित किया कि मेहनत, लगन और निरंतर ज्ञान अर्जित करने की इच्छा से किसी भी मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है। उनकी सफलता पर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतिभाओं को मंच देना रहा आयोजन का मुख्य उद्देश्य

आयोजक टीम चैंपियन पामगढ़ के अनुसार इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के बीच सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना, तार्किक क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उनमें आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करना था। वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ सामान्य ज्ञान और व्यावहारिक समझ भी बेहद आवश्यक है। इसी सोच के साथ प्रतियोगिता को मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक स्वरूप दिया गया, ताकि प्रतिभागी खेल-खेल में सीखने के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

आयोजन की सफलता पर टीम ने जताया आभार

कार्यक्रम के सफल समापन पर आयोजक टीम चैंपियन पामगढ़ ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, पालकों, दर्शकों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। टीम ने कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और सहभागिता से यह आयोजन सफल हो सका। भविष्य में भी क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में ऐसे आयोजन जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

टीम चैंपियन पामगढ़ का यह आयोजन क्षेत्र में ज्ञान, प्रतिभा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!