जिला समाचार

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने एवं निराकरण के बाद हितग्राहियों से संपर्क कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए

निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य होने पर ही भुगतान करने के दिए निर्देश

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की समय सीमा की बैठक में अनिवार्य उपस्थिति के दिए निर्देश

 

 

जांजगीर-चांपा, 4 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, विभिन्न ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों तथा सुशासन शिविरों में प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समस्या के समाधान पर आधारित हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन स्वयं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल का अवलोकन करने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने तथा निराकरण के बाद हितग्राहियों से संपर्क कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत निवारण की प्राथमिकता है।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीओ, उप अभियंताओं (जेई) एवं तकनीकी सहायकों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण करने, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य होने पर ही भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों की प्रगति एवं स्थल के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। कलेक्टर ने उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम, जल संरक्षण कार्यों एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान की समीक्षा करते हुए निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने कहा। वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान एचपीवी टीकाकरण के शेष लक्ष्य को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने, अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 अगस्त तक कृमि मुक्ति अभियान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए खरीफ फसल में किसानों को समय पर कृषि आदान, तकनीकी मार्गदर्शन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, मंच, यातायात, विद्युत व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पारस पोर्टल में विभागीय जानकारी एवं प्रगति विवरण निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा, फील्ड निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर आर. के. तम्बोली, अपर कलेक्टर  स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!