जिला समाचार

कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक ने ली जिला खनिज टास्क फोर्स की बैठक

अवैध खनन गतिविधियों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने कहा

कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक ने ली जिला खनिज टास्क फोर्स की बैठक

अवैध खनन गतिविधियों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने कहा

अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर संयुक्त कार्रवाई करेगी प्रशासनिक टीम

 

जांजगीर चांपा 20 जून 2026 / कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने जिला स्तरीय खनिज टास्क फोर्स की बैठक लेकर जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा सभी विभाग समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई करें।
बैठक में कलेक्टर ने खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों एवं खनन स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करने तथा अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान लागू खनन प्रतिबंध की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 10 जून से 15 अक्टूबर तक खनन कार्य प्रतिबंधित है, जिसका पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित अवधि में अवैध उत्खनन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर नियमित निरीक्षण एवं निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में खनिज अधिकारी ने बताया कि जिला उड़नदस्ता दल द्वारा विगत 15 दिनों में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कुल 41 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 13 लाख 52 हजार 480 रुपये की राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई गई है। दर्ज प्रकरणों में अवैध उत्खनन के 3 प्रकरणों में 2 लाख 73 हजार 440 रुपये, अवैध परिवहन के 37 प्रकरणों में 5 लाख 87 हजार 440 रुपये तथा अवैध भंडारण के 1 प्रकरण में 4 लाख 91 हजार 600 रुपये की वसूली की गई है। इसके अतिरिक्त 19 प्रकरणों में कार्रवाई की प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलन में है। इस अवसर सीईओ जिला पंचायत गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, खनि अधिकारी हेलेन्द्र स्वर्णपाल, एसडीएम, एसडीओपी सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!