जिला समाचार

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, शासकीय अस्पतालों के निरीक्षण के दिए निर्देश

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, शासकीय अस्पतालों के निरीक्षण के दिए निर्देश

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, रात्रिकालीन एवं आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का भी करें औचक निरीक्षण – कलेक्टर

अवैध शराब पर होगी कठोर कार्रवाई, स्वीकृत पीएम आवास हितग्राहियों की समस्याओं और शिकायतों का निराकरण करने, स्वीकृत आवासों में शीघ्र वर्क ऑर्डर जारी करने के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन 1076, पारस पोर्टल, एग्रीस्टैक पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

 

 

 

जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं, जनहित से जुड़े कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिले के शासकीय अस्पतालों का नियमित एवं औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पतालों में उपस्थित रहें और मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। अस्पतालों में उपचार, दवाइयों एवं अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने रात्रिकालीन एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को विशेष रूप से दुरुस्त रखने तथा रात्रि में भी अस्पतालों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति एवं रात्रि में भी मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
कलेक्टर ने आबकारी विभाग को जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब, महुआ शराब के मामलों में कठोर कार्रवाई की जाए। किसी भी क्षेत्र से अवैध शराब की बिक्री या निर्माण संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा हितग्राहियों की समस्याओं और शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने सभी स्वीकृत आवासों के वर्क ऑर्डर शीघ्र जारी करने तथा निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता और गंभीरता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का समाधान शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराएं। निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देकर उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाया जाए तथा आवेदन से लेकर योजना का लाभ दिलाने तक की प्रक्रिया में हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने एग्रीस्टैक किसान पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष किसान पंजीयन एवं फसल सर्वेक्षण से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। मैदानी स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां अभियान चलाकर तेजी लाई जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर  स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!