जूठही अंडरब्रिज में रोशनी से दूर हुआ अंधेरा, पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी की रंग लाई पहल
नेताओं से पहले पुलिस ने उठाई जनसमस्या, रेल प्रशासन से पत्राचार कर दिलाई रोशनी की सुविधा

जूठही अंडरब्रिज में रोशनी से दूर हुआ अंधेरा, पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी की रंग लाई पहल
नेताओं से पहले पुलिस ने उठाई जनसमस्या, रेल प्रशासन से पत्राचार कर दिलाई रोशनी की सुविधा

कोटमी सोनार। ग्राम कोटमी सोनार के मुख्य रेल मार्ग मुंबई-हावड़ा के बीच स्थित जूठही रेलवे अंडरब्रिज में रात होते ही अंधेरे का साम्राज्य स्थापित हो जाता था। अंधेरे के कारण राहगीरों, स्कूली विद्यार्थियों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। क्षेत्रवासियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर ने पुलिस अधीक्षक महोदय के मार्गदर्शन में रेल प्रशासन एवं डीआरएम को 3 जुलाई 2026 को पत्राचार कर अंडरब्रिज में प्रकाश व्यवस्था की मांग की थी।
प्रभारी की पहल के बाद अब रेलवे द्वारा अंडरब्रिज में रोशनी की व्यवस्था कर दी गई है। इससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस जनसमस्या को दूर करने का काम जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाना चाहिए था, उस दिशा में पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी ने पहल कर मिसाल पेश की है। लोगों द्वारा इस सामाजिक एवं जनहितकारी पहल की सराहना की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जूठही रेलवे अंडरब्रिज से प्रतिदिन हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी, स्कूली विद्यार्थी एवं प्रदेश के पहले क्रोकोडाइल पार्क में आने वाले पर्यटक आवागमन करते हैं। पहले अंधेरे के कारण लोगों में भय बना रहता था, लेकिन अब रोशनी की व्यवस्था होने से सुरक्षा एवं सुविधा दोनों बढ़ गई हैं।
पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण
पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर की यह पहल पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी और जनसरोकार को दर्शाती है। वर्तमान समय में पुलिस प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था के साथ-साथ साइबर जागरूकता, नशे के खिलाफ महिला कमांडो, पहाड़ मित्र सहित विभिन्न सामुदायिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और पुलिस तथा आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है।
इसी सामाजिक जिम्मेदारी की कड़ी में जूठही अंडरब्रिज में प्रकाश व्यवस्था के लिए रेल प्रशासन से पत्राचार करना भी महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे पहले भी प्रभारी द्वारा कल्याणपुर रोड अंडरब्रिज के सामने पेड़ों पर रेडियम पट्टी लगाई गई थी, जिससे रात के समय वाहन चालकों को पेड़ स्पष्ट दिखाई देते हैं और दुर्घटना की संभावना कम करने में मदद मिलती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कोटमी सोनार में पुलिस सहायता केंद्र खुलने के बाद पुलिस और आमजनों के बीच की दूरी कम हुई है। पुलिस अब केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित न रहकर सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। इससे आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
काम पुलिस ने किया, अब वाहवाही लेने की होड़!
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि जिस समस्या को दूर कराने के लिए लंबे समय से अपेक्षा की जा रही थी और जिसे जनप्रतिनिधि स्तर पर पहले उठाया जाना चाहिए था, उसे पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर ने पहल करते हुए रेल प्रशासन के समक्ष रखा और अब समस्या का समाधान भी हो गया। ऐसे में अब इस कार्य की वाहवाही लेने के लिए नेताओं में होड़ दिखाई देने लगी है। लोगों का कहना है कि जनहित के कार्य में श्रेय से अधिक महत्वपूर्ण जनता को मिली सुविधा है, लेकिन पहल करने वाले की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
प्रदेश के पहले क्रोकोडाइल पार्क में आने वाले पर्यटकों की संख्या को देखते हुए भी अंडरब्रिज में रोशनी की व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पहल करने वाले पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर तथा रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।






