पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया का पामगढ़ में भव्य स्वागत, भाजपा सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया का पामगढ़ में भव्य स्वागत, भाजपा सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
पामगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालयों में आयोजित प्रेसवार्ता कार्यक्रम के तहत पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया जांजगीर-चांपा पहुंचे। इस दौरान पामगढ़ आगमन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हरप्रसाद साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान डॉ. डहरिया ने नगर के युवा पार्षद एवं कांग्रेस नेता आकाश यादव की मोबाइल दुकान पहुंचकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और कथित विफलताओं को जनता के बीच मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. डहरिया ने कहा कि आज प्रदेश और देश का युवा वर्ग लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अपनी शिक्षा और भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार युवाओं को हतोत्साहित करने का काम कर रही है तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं के माध्यम से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण युवाओं में निराशा का वातावरण बन रहा है।
पूर्व मंत्री ने किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश के किसान खाद और बीज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने से किसानों को निजी व्यापारियों से अधिक कीमत पर सामग्री खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है और कृषि व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। रेत की कीमतों में कई गुना वृद्धि होने से आम लोगों के लिए मकान निर्माण कठिन हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत माफिया सक्रिय हैं और शासन-प्रशासन उन पर नियंत्रण करने में विफल साबित हो रहा है।
डॉ. डहरिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव संदीप अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री द्वारिका प्रसाद यादव, लव तिवारी, दिनेश थवाइत, राजा राम कश्यप, विजय यादव, उदल कश्यप, बरातू दास, प्रकाश सारथी, रूपेश कश्यप, अजय दिव्य, रामशंकर साहू, निखिल दिव्य, श्यामलाल कौशिक, सागर चेलकर, महेंद्र कुर्रे, इतवारी यादव, प्रितेश लहरे, मनमोहन कुर्रे, ओंकार रायसागर, संतराम साहू, मोहना कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






