छत्तीसगढ़

शिवनाथ नदी पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, गणेश विसर्जन व्यवस्था और जलस्तर का लिया जायजा

शिवनाथ नदी पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, गणेश विसर्जन व्यवस्था और जलस्तर का लिया जायजा

बाढ़ प्रभावितों से राहत शिविरों में मिले, ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में नाली निर्माण के निर्देश

 

 

 

रायपुर, 26 सितम्बर 2026/ स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने शनिवार को दुर्ग शहर के शिवनाथ नदी स्थित गणेश विसर्जन स्थल पहुंचकर नदी के जलस्तर और विसर्जन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी उपस्थित थे।

मंत्री यादव ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गणेश विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि छोटे पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण पिछली रात से विसर्जन प्रक्रिया रोक दी गई है। जलस्तर कम होने पर प्रशासन की निगरानी में विसर्जन पुनः शुरू कराया जाएगा। मंत्री यादव ने विसर्जन के लिए पहुंचे नागरिकों से प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। विसर्जन स्थल पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ, स्थानीय नाविक और नागरिक सहयोग कर रहे हैं।

इसके बाद मंत्री यादव पुलगांव के वार्ड क्रमांक 55 स्थित कोसरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन में बनाए गए राहत शिविर पहुंचे। यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 48 लोगों को ठहराया गया है। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से नदी का जलस्तर कम होने के बाद ही अपने घर लौटने को कहा तथा अधिकारियों को शिविर में स्वास्थ्य सुविधा, प्रकाश, पेयजल और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभावित लोगों की पट्टे की मांग पर उन्होंने गोकुल नगर स्थित घास भूमि को आवास के लिए आवंटित कराने का आश्वासन दिया।

मंत्री यादव ने ग्राम भरदा के स्कूल में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। तांदुला और शिवनाथ नदी के किनारे ईंट भट्ठों तथा सब्जी बाड़ियों में काम करने वाले 210 लोगों को सुरक्षित निकालकर इस शिविर में ठहराया गया है। उन्होंने सरपंच सुनीता भारदीय, स्थानीय नागरिक गोपाल पाड़े और ग्रामीणों से शिविर की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। शिविर में ठहरे लोगों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

सरपंच की मांग पर मंत्री यादव ने कलेक्टर को ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में वी-बी-जी-राम-जी के अंतर्गत नाली निर्माण कार्य की स्वीकृति देने को कहा। ग्रामीण किसानों की मांग पर उन्होंने फसल क्षति का सर्वे कराने की बात भी कही। ग्राम चंगोरी में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव की ओर पानी भरने की जानकारी मिलने पर उन्होंने कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर निगम दुर्ग की आयुक्त लीना कोसम, एसडीएम महेश राजपूत, निगम के अतिरिक्त आयुक्त  मोहेन्द्र साहू सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!