प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को 02 माह के लिए थाना-चौकियों का स्वतंत्र प्रभार

प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को 02 माह के लिए थाना-चौकियों का स्वतंत्र प्रभार
SP विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस ने जारी किया आदेश, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी
जिले में प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में 02 माह के लिए स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। इसके तहत प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अब संबंधित थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कानून -व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों का स्वतंत्र रूप से संचालन करेंगे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र दोनों में प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है। स्वतंत्र प्रभार के अंतर्गत महिला थाना, चौकी पंतोरा, थाना बम्हनीडीह, पुलिस सहायता केंद्र राहौद, कोटमी सोनार, थाना सारागांव, थाना बलौदा, थाना पामगढ़, थाना शिवरीनारायण, थाना अकलतरा एवं थाना नवागढ़ शामिल हैं।
इस पहल से प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को थाना स्तर पर कानून -व्यवस्था के संचालन, अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना, पुलिस बल के समन्वय तथा आमजन से बेहतर संवाद का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही, उन्हें जिम्मेदारी के साथ पुलिसिंग करने और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को सौंपे गए दायित्वों का कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग द्वारा इस व्यवस्था को प्रशिक्षु अधिकारियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





