जिला समाचार

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस

जिला स्तरीय राज्योत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की गौरवमयी विकास यात्रा

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर प्रदेश की जनता का सपना किया साकार – धरमलाल कौशिक

26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के नए आयाम स्थापित किए, अब विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प – कौशिक

 

जांजगीर-चांपा, 02 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक  धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद  कमला देवी पाटले, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष  रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, जिला पंचायत सदस्य  उमा राजेंद्र राठौर, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य  प्रमिला साहू, जिला पंचायत सदस्य  प्रियंका सिंह,  नंदिनी राजवाड़े, गुलाब सिंह चंदेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष  शारदा सनत देवांगन, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, अमर सुल्तानिया, इंजी. रवि पांडेय, विवेका गोपाल, सुमित प्रताप सिंह, विकास शर्मा, दिनेश राठौर, हितेश यादव, पंकज कहरा, सोनू यादव, पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। इसके साथ ही कलेक्टर  जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, अपर कलेक्टर  प्रमोद गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता को एक अलग पहचान और नई विकास यात्रा का अवसर प्रदान किया। कौशिक ने कहा कि अटल जी के योगदान को प्रदेश की जनता सदैव याद रखेगी।
विधायक कौशिक ने राज्य निर्माण के शुरुआती दिनों का स्मरण करते हुए कहा कि उस समय संसाधनों की कमी, खाद्यान्न संकट, बिजली की समस्या और रोजगार के लिए पलायन जैसी अनेक चुनौतियां थीं। आज वही छत्तीसगढ़ कृषि उत्पादन, अधोसंरचना, उद्योग और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। प्रदेश के किसानों की मेहनत से छत्तीसगढ़ देश के धान उत्पादन और खाद्यान्न आपूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है, जिससे अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
विधायक कौशिक ने कहा कि प्रदेश में सड़कों, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। बेहतर सड़क संपर्क से यात्रा का समय कम हुआ है और औद्योगिक विकास को गति मिली है। जांजगीर-चांपा जिले की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह जिला कृषि प्रधान होने के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। महानदी सहित जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर इसकी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब छत्तीसगढ़ विकसित होगा और जिले भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुएंगे। कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ को खुशहाल, समृद्ध और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के ऐतिहासिक प्रसंगों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ की जनता से राज्य निर्माण का वादा किया था और 1 नवंबर 2000 को उसे पूरा कर छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात दी। यह राज्य निर्माण हमारे पुरखों का सपना था, जिसे अटल जी ने साकार किया। उन्होंने अटल जी के योगदान को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता उनके इस उपकार को कभी नहीं भूलेगी। चंदेल ने कहा कि 26 वर्षों की विकास यात्रा में छत्तीसगढ़ ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और विकास के नए सोपान तय किए हैं। कृषि प्रधान जांजगीर-चांपा जिले की अर्थव्यवस्था भी कृषि पर आधारित है।

प्रगति और विकास की अद्भुत झलक प्रस्तुत करती विभिन्न विभागों की भव्य प्रदर्शनी

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिन्होंने सबका मन मोह लिया। अतिथियों ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क विभाग, महिला एवं बाल विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, उद्यानिकी, समाज कल्याण, मछली पालन, पुलिस विभाग, आयुष, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण कर अवलोकन किया। इस दौरान अतिथियों ने स्टॉल के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!