जिला समाचार

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहें और समय पर पहुंचें कार्यालय – कलेक्टर

फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने जताई कड़ी नाराजगी, किसानों के हित में सभी विभाग निरंतर और समन्वय से करें कार्य

बारिश से क्षतिग्रस्त हुए सड़कों की मरम्मत का कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ धरती आबा योजना के हितग्राहियों तक पहुंचाएं

 

 

जांजगीर-चांपा, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने तथा समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शासकीय कार्यों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए नियमित रूप से कार्यालयीन समय का पालन सुनिश्चित करें। शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ शेष पंजीयन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत खसरों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नोडल अधिकारी एवं राजस्व विभाग को संयुक्त कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय-सीमा में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिले की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार प्राथमिकता तय करते हुए सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़कों का नियमित निरीक्षण करने तथा जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिन स्थानों पर योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में योजना के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां ग्राम पंचायत को हैंडओवर करने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, आवश्यक अधोसंरचना एवं अन्य तकनीकी कार्यों की समुचित जांच के बाद ही योजना को ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को सुचारू रूप से पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने जिले के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं कॉलेज भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जर्जर अथवा असुरक्षित भवनों में किसी भी स्थिति में कक्षाएं संचालित न की जाएं। संबंधित अधिकारियों को संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने तथा जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्य पुस्तक एवं साइकिल वितरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने किचन गार्डन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इस दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किचन गार्डन के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए किचन गार्डन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए योजना के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धरती आबा योजना के हितग्राहियों को भी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि योजना के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए अधिकारी गंभीरता एवं निरंतरता के साथ कार्य करें तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं संतोषजनक राहत मिलनी चाहिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, अपर कलेक्टर  स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!