जिला समाचार

महानदी के तटीय क्षेत्रों में पहुँचे कलेक्टर-एसपी, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

महानदी के तटीय क्षेत्रों में पहुँचे कलेक्टर-एसपी, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, राहत शिविरों में सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित

स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात, लगातार की जा रही स्वास्थ्य जांच

प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता बरतने, तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील

जलभराव की स्थिति को लेकर प्रशासन अलर्ट, तटीय क्षेत्रों में सतत निगरानी

 

 

जांजगीर-चांपा, 27 सितंबर 2026। महानदी के जलस्तर में वृद्धि तथा नदी के तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आज शिवरीनारायण क्षेत्र का दौरा कर बैराज, पुल एवं महानदी के तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर जलस्तर, नदी के बहाव, सुरक्षा तथा राहत एवं बचाव की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, पुल एवं महानदी के तटीय क्षेत्रों के साथ महंत लालदास महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया। महाविद्यालय में प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए राहत शिविर की व्यवस्था की गई है, जहां भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, शौचालय सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महानदी के पुल पर पानी का बहाव बढ़ने को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुल से आवागमन बंद कर दिया गया है। कलेक्टर-एसपी ने पुल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा लोगों को तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से रोकने के निर्देश दिए। नदी के जलस्तर एवं बहाव की स्थिति को देखते हुए अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं और लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। स्वास्थ्य टीमों द्वारा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही जलभराव के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित बीमारियों एवं संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं।
कलेक्टर-एसपी ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन, स्वास्थ्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। तटीय एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक मानव संसाधन एवं अन्य संसाधन तैयार रखे गए हैं। उन्होंने तटीय एवं पूर्व में जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को संभावित जलभराव एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश दिए। नदी के जलस्तर, पुल-पुलियों एवं आवागमन वाले मार्गों पर लगातार नजर रखने तथा स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।
कलेक्टर-एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, पुल, घाट एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। तेज बहाव वाले पानी में सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं तथा प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से बंद किए गए मार्गों एवं स्थानों पर जाने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा महानदी के तटीय क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत शिविर में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच कर रही हैं, जबकि पुलिस, राजस्व, नगर सेना, जल संसाधन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। निरीक्षण के दौरान नगरपालिका शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत,
एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान,एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता  शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!